Saturday, December 21, 2013

दिग्विजय शाम को खोलेंगे अपने पत्ते

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अपने पत्ते शाम को खोलेंगे। सूबे में कांग्रेस की करारी पराजय को लेकर दिग्विजय सिंह को जमकर कठघरे में खड़ा किया गया है। ऐसा माना जा रहा है, इस मसले पर सिंह अपना पक्ष रख सकते हैं। इसके अलावा भाजपा सरकार उनके निशाने पर रहेगी, यह तय है। दिग्विजय सिंह गुरुवार शाम मध्यप्रदेश के प्रवास पर आए हैं। उन्होंने भोपाल में शुक्रवार को अपने सरकारी निवास पर पार्टीजनों के अलावा अन्य लोगों से मेल-मुलाकात की। दिग्विजय सिंह शाम को चार बजे प्रेस कांफ्रेंस करने वाले हैं। मीडिया ने सुबह जब उन्हें घेरा तो दिग्विजय सिंह का जवाब था, ‘शाम को प्रेस के बीच अपनी बात रखेंगे और सवालों का जवाब देंगे।’ मध्यप्रदेश में कांग्रेस की लगातार तीसरी बार करारी हार हुई है। करारी हार के बाद एआईसीसी के प्रवक्ता सत्यव्रत चतुर्वेदी और पूर्व विधायक कल्पना परुलेकर सुर सबसे ज्यादा मुखर रहे हैं। दोनों नेताओं ने हार के लिए दिग्विजय सिंह को जिम्मेदार ठहराया है। परुलेकर ने तो यहां तक कहा है, ‘कांग्रेस आगे ऐसी फजीहत से बचना चाहती है तो उसे दिग्विजय सिंह को सूबे से बाहर करना होगा।’ तमाम आरोपों को लेकर दिग्विजय सिंह ने कोई प्रतिक्रिया अभी तक नहीं दी है। आज सुबह मीडिया ने जब उनसे इस बारे में पूछा तो था दिग्विजय सिंह ने कहा, इस पर कुछ नहीं बोलूंगा। उनका संकेत था कि पार्टी फोरम पर अपना पक्ष रखूंगा। तमाम संभावनाओं के बीच तय माना जा रहा है कि सबसे ज्यादा सवाल शाम को होने वाली प्रेस कांफ्रेंस में इन्हीं आरोपों को लेकर होंगे। दिग्विजय का रूख क्या होता है, शाम को साफ हो जाएगा।

No comments:

Post a Comment